न्यूज अंग दस्तक | धरहरा (मुंगेर)
प्रखंड क्षेत्र में आगामी जनगणना 2027 (डिजिटल जनगणना) की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। सोमवार को कुमार रामानंद स्मारक उच्च माध्यमिक विद्यालय, धरहरा में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का विधिवत उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
चार चरणों में चलेगा प्रशिक्षण
इस अवसर पर संबोधित करते हुए बीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि पूरी जनगणना प्रक्रिया को त्रुटिहीन और सुचारू बनाने के लिए कुल 434 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाना है। यह प्रशिक्षण कुल चार चरणों में आयोजित होगा। प्रथम चरण में सोमवार से विभिन्न विद्यालयों के 44 चयनित शिक्षकों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा डिजिटल डेटा संग्रह के गुर सिखाए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण का पूरा शेड्यूल:
प्रथम सत्र: 13 अप्रैल से 15 अप्रैल (44 प्रतिभागी)
द्वितीय सत्र: 16 अप्रैल से 18 अप्रैल (130 प्रतिभागी)
तृतीय सत्र: 19 अप्रैल से 21 अप्रैल (130 प्रतिभागी)
चतुर्थ सत्र: 22 अप्रैल से 24 अप्रैल (130 प्रतिभागी)
मई में शुरू होगा फील्ड वर्क
प्रशासनिक निर्देश के अनुसार, सभी संबंधित विद्यालय प्रधानों को शिक्षकों की ससमय उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशिक्षण सत्र समाप्त होने के बाद, ये प्रशिक्षित कर्मी 2 मई से 30 मई तक अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में घर-घर जाकर डिजिटल माध्यम से जनगणना का कार्य संपन्न करेंगे। बीडीओ ने जोर देकर कहा कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी, इसलिए बारीकियों को समझना अनिवार्य है।
मौके पर मास्टर ट्रेनर श्यामल कुमार, सखीचंद दास और विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रकाश चंद्र ठाकुर सहित कई अन्य कर्मी उपस्थित थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



