Homeखेलशंकर कप फुटबॉल टूर्नामेंट: शीतलपुर ने खरहट बेगूसराय को 2-0 से रौंदा,...

शंकर कप फुटबॉल टूर्नामेंट: शीतलपुर ने खरहट बेगूसराय को 2-0 से रौंदा, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

न्यूज अंग दस्तक | धरहरा (मुंगेर)

स्थानीय गांधी फुटबॉल स्टेडियम में मंगलवार को श्री शंकर स्पोटिंग क्लब, धरहरा अंचल के तत्वावधान में आयोजित शंकर कप फुटबॉल टूर्नामेंट का तीसरा प्री-क्वार्टर फाइनल मैच संपन्न हुआ। इस रोमांचक मुकाबले में एसएससी शीतलपुर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खरहट बेगूसराय को 2-0 से शिकस्त देकर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
मैच का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि जदयू जिला उपाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि जिला फुटबॉल संघ के सचिव भावेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ने किया। अतिथियों ने मैदान में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और गेंद को किक मारकर खेल का शुभारंभ किया।
दूसरे हाफ में पलटी बाजी
खेल के शुरुआती हिस्से में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। रक्षापंक्ति की मुस्तैदी के कारण मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। हालांकि, दूसरे हाफ में शीतलपुर के खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाया। खेल के 15वें मिनट में जर्सी नंबर 9 रोहित कुमार ने एक बेहतरीन मैदानी गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके ठीक 10 मिनट बाद, जर्सी नंबर 18 समीर ने बेगूसराय के डिफेंस को भेदते हुए दूसरा गोल कर जीत सुनिश्चित कर दी। बेगूसराय की टीम ने वापसी की काफी कोशिश की, लेकिन शीतलपुर की मजबूत घेराबंदी के आगे उनकी एक न चली।
मुकाबले के मुख्य रेफरी मनीष कुमार थे, जबकि सहायक रेफरी के रूप में सुमित, सुधांशु और रिजर्व रेफरी के तौर पर कपिल मंडल ने भूमिका निभाई। इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष पूर्वेंदु नारायण सिंह, क्लब के सचिव अनिल कुमार सिंह, सच्चिदानंद पांडेय, चंद्रशेखर सिंह सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे। कल का मैच खेल जगत के उत्साह को और बढ़ाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular