Homeखेलशंकर कप फुटबॉल टूर्नामेंट: मुबारकचक ने ट्राई ब्रेकर में भागलपुर को दी...

शंकर कप फुटबॉल टूर्नामेंट: मुबारकचक ने ट्राई ब्रेकर में भागलपुर को दी शिकस्त, क्वार्टर फाइनल में प्रवेश

न्यूज अंग दस्तक | धरहरा (मुंगेर)।

प्रखंड मुख्यालय स्थित गांधी फुटबॉल स्टेडियम में चल रहे शंकर कप फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इलेवन स्टार फुटबॉल क्लब मुबारकचक ने रोमांचक जीत दर्ज की है। सोमवार को खेले गए इस कड़े मुकाबले में मुबारकचक ने भागलपुर की टीम को ट्राई ब्रेकर में 4-3 से हराकर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली।
इससे पहले मैच का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्राचार्य हरिवल्लभ सिंह और विशिष्ट अतिथि पूर्व दिग्गज फुटबॉलर चंद्रशेखर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और गेंद में किक मारकर किया।

मैदान पर दिखा कड़ा संघर्षः
निर्धारित समय के खेल में दोनों ही टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। खेल के 40वें मिनट में भागलपुर को पेनाल्टी के रूप में गोल करने का सुनहरा अवसर मिला, लेकिन मुबारकचक के गोलकीपर ने मुस्तैदी दिखाते हुए शानदार बचाव किया और विपक्षी टीम के मंसूबों पर पानी फेर दिया। मध्यांतर के बाद भी खिलाड़ियों ने गोल के लिए काफी पसीना बहाया, पर रक्षापंक्ति की मजबूती के कारण मैच गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ।
ट्राई ब्रेकर से हुआ फैसलाः
मैच का परिणाम निकालने के लिए ट्राई ब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें मुबारकचक के खिलाड़ियों ने सटीक निशाना साधते हुए 4-3 से जीत हासिल की। मैच के दौरान मुख्य रेफरी की भूमिका सुधांशु ने निभाई, जबकि सहायक रेफरी के रूप में सुमित कुमार, कपिल मंडल और रिजर्व रेफरी संतोष कुमार सिंह मौजूद थे।
इस अवसर पर मुंगेर फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष पूर्वेंदु नारायण सिंह, सचिव अनिल कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण उपस्थित थे। गौरतलब है कि रविवार को उद्घाटन मैच में फुलका की टीम ने जमालपुर को 2-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया था।

RELATED ARTICLES

Most Popular