Homeखेलमुंगेर की बेटियों ने फिर लहराया परचम: जूनियर स्टेट खो-खो चैंपियनशिप में...

मुंगेर की बेटियों ने फिर लहराया परचम: जूनियर स्टेट खो-खो चैंपियनशिप में बनीं उपविजेता

न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर
मुंगेर जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जमुई के श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय बिहार राज्य स्तरीय जूनियर (बालक एवं बालिका) खो-खो चैंपियनशिप 2025 में मुंगेर की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता (Runners-up) का खिताब अपने नाम किया।

सम्मान और प्रोत्साहन
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि जमुई नगर निगम के उप चेयरमैन नीतीश सिंह, खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव नीरज कुमार पप्पू और ऑक्सफोर्ड स्कूल के प्रिंसिपल ऋतु राज सिंहा ने संयुक्त रूप से विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जमुई जिला खो-खो संघ के उपाध्यक्ष वासुदेव केशरी, मनोज शर्मा और फुटबॉल संघ के ओम प्रकाश शर्मा भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी खेल भावना की सराहना की।
नेतृत्व और लक्ष्य
मुंगेर जिला खो-खो संघ के सचिव और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी हरिमोहन सिंह के नेतृत्व में जिले के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। मंच संचालन करते हुए हरिमोहन सिंह ने कहा कि हमारा मूल उद्देश्य मुंगेर जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सही मंच प्रदान करना और उन्हें आगे बढ़ाना है। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है।
खुशी की लहर और बधाई संदेश
मुंगेर बालिका टीम की इस बड़ी उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों और विभिन्न संगठनों में खुशी की लहर है। इस सफलता पर संत मैरी इंग्लिश स्कूल संग्रामपुर की डायरेक्टर रोजमिन के वर्गीस, प्रिंसिपल जिंस के एलोशियस और हेलब्रोन मिशन स्कूल खड़गपुर के डायरेक्टर सीपी सिंह, मुंगेर जिला प्रशासन, मुंगेर जिला खो-खो संघ, पैरा लॉन बाउल्स एसोसिएशन ऑफ बिहार, आर्ट कल्चरल एंड यूथ स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया, और जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन, मुंगेर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, स्पेशल ओलंपिक्स भारत बिहार, और फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (बिहार) खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी है। साथ ही कहा है कि यह जीत न केवल मुंगेर के लिए गौरव की बात है, बल्कि जिले की अन्य बालिकाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular