Homeअच्छी खबरउपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का मुंगेर में भव्य स्वागत, आज हवेली खड़गपुर को...

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का मुंगेर में भव्य स्वागत, आज हवेली खड़गपुर को देंगे सौगातों की बड़ी सौगात

न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को मुंगेर जिले के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। तारापुर के पार्वती नगर स्थित हेलीपैड पर उतरते ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर जिले में उनका अभिनंदन किया।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के साथ डीएम निखिल धनराज

जनता से सीधा संवाद और भव्य स्वागत
हेलीपैड पर उतरने के बाद माननीय उपमुख्यमंत्री ने वहां मौजूद आमजन और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। लोगों के उत्साह के बीच उन्होंने जनता का अभिवादन स्वीकार किया और उनकी संक्षिप्त बातें भी सुनीं। यह दौरा मुंगेर, विशेषकर हवेली खड़गपुर अनुमंडल के लिए विकास की नई इबारत लिखने वाला माना जा रहा है।
रविवार का व्यस्त कार्यक्रम: ‘मन की बात’ से विकास कार्यों तक
रविवार का दिन हवेली खड़गपुर वासियों के लिए ऐतिहासिक होने वाला है। उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार है:
मन की बात: सबसे पहले उपमुख्यमंत्री राजकीय बुनियादी विद्यालय, खैरा के मैदान में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जन संवाद: कार्यक्रम के बाद वे स्थानीय लोगों से रूबरू होंगे और उनकी जन-समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
स्वास्थ्य क्रांति: खड़गपुर वासियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी सौ शैय्या (100 बेड) वाले अनुमंडलीय अस्पताल के रूप में आ रही है। उपमुख्यमंत्री इस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का विधिवत शुभारंभ और अवलोकन करेंगे। अब अनुमंडल वासियों को बेहतर इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
पर्यटन को बढ़ावा: खड़गपुर झील के पास किए गए सौंदर्यीकरण और नए बोटिंग चैनल का उद्घाटन भी उपमुख्यमंत्री के हाथों संपन्न होगा। इसके बाद वे वहां नवनिर्मित कैफेटेरिया में विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
एक छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं
हवेली खड़गपुर अनुमंडलीय अस्पताल के पूर्णतः क्रियाशील होने से क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य, पर्यटन और जन-कनेक्टिविटी के लिहाज से उपमुख्यमंत्री का यह दौरा मुंगेर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular