Homeअच्छी खबरडीएम ने 'दीदी की रसोई' में किया भोजन, गुणवत्ता देख हुए गदगद;...

डीएम ने ‘दीदी की रसोई’ में किया भोजन, गुणवत्ता देख हुए गदगद; अधिकारियों को दी यह खास नसीहत

न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर

जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बुधवार को हवेली खड़गपुर अनुमंडलीय अस्पताल स्थित ‘दीदी की रसोई’ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि खुद भोजन कर गुणवत्ता की जांच भी की। जिलाधिकारी वहां की साफ-सफाई और भोजन के स्वाद से काफी संतुष्ट नजर आए।

स्वयं किया भोजन और चुकाया बिल
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आम लोगों की तरह भोजन किया। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए भोजन के बाद नियमानुसार बिल का भुगतान भी किया। डीएम ने कहा कि यह सरकारी राशि का मामला है, इसलिए पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने मौके पर मौजूद सभी पदाधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वे जब भी यहां भोजन करें, तो अनिवार्य रूप से बिल का भुगतान करें।
समस्याओं का मौके पर समाधान
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने जीविका दीदियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने दीदियों से उनकी कार्यप्रणाली और आ रही समस्याओं के बारे में पूछताछ की। जीविका दीदियों ने कुछ व्यवहारिक समस्याएं उनके सामने रखीं, जिस पर जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कम दर पर शुद्ध भोजन की सराहना
जिलाधिकारी ने ‘दीदी की रसोई’ की सराहना करते हुए कहा कि यहां मरीजों और उनके परिजनों को बहुत ही किफायती दर पर स्वच्छ भोजन मिल रहा है। अस्पताल के कर्मियों और आम जनता के लिए यह एक बेहतरीन सुविधा है। शाम के स्नैक्स की गुणवत्ता और स्वाद भी काफी उत्तम है।
रजिस्टर और सफाई का अवलोकन
भोजन के साथ-साथ जिलाधिकारी ने वहां के संधारित्र संचिका (रजिस्टर) की भी जांच की, जिसे उन्होंने अप-टू-डेट और संतोषजनक पाया। उन्होंने परिसर में स्वच्छता के मानकों को देख दीदियों के प्रयास को सराहा। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ रामप्रवेश प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी (खड़गपुर), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) सहित कई अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने अंत में आम जनता से भी अपील की कि वे ‘दीदी की रसोई’ की सेवाओं का लाभ उठाएं।

RELATED ARTICLES

Most Popular