न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर
बिहार के माननीय उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर और तारापुर अनुमंडल के विकास को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। खड़गपुर झील स्थित कैफेटेरिया में आयोजित इस बैठक में उन्होंने मुंगेर को विश्व पटल पर एक बड़े टूरिस्ट हब के रूप में स्थापित करने का संकल्प दोहराया।

खडगपुर झील का निरीक्षण करते डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी
पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खड़गपुर झील और भीमबांध को वैश्विक पर्यटन के मानचित्र पर लाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना (DPR) तैयार करें। उन्होंने जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर को जिले के चहुंमुखी विकास के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय बिठाकर तेजी से काम करने को कहा।
कनेक्टिविटी और सड़क निर्माण
जिले में सड़कों के जाल को मजबूत करने के लिए कई अहम घोषणाएं की गईं:
फोर लेन सड़क: बरियारपुर से जमुई के बीच फोर लेन सड़क का निर्माण होगा।
गंगटा जंगल मार्ग: इस रास्ते का चौड़ीकरण कर इसे थ्री-लेन बनाया जाएगा।
गंगा पथ: भूमि अधिग्रहण की बाधाओं को दूर कर गंगा पथ के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ पेयजल की सौगात
क्षेत्र में फ्लोराइड और आर्सेनिक युक्त पानी की समस्या को खत्म करने के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना की जाएगी। गंगा नदी के जल स्रोत को झील तक पहुंचाकर स्थानीय लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही सिंधवारिणी जलाशय योजना को भी जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नक्सलवाद से मुक्ति और शांति
सम्राट चौधरी ने कहा कि यह क्षेत्र अब पूरी तरह नक्सल मुक्त हो चुका है। आज कई नक्सलियों ने मुख्य धारा में शामिल होने के लिए आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले कुछ वर्षों में मुंगेर अपनी नई पहचान और सुंदरता के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध होगा।



