न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर
ऐतिहासिक पोलो मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि, मुंगेर जिला प्रभारी मंत्री संजय कुमार ने सुबह ठीक 09:05 बजे तिरंगा फहराया और परेड की संयुक्त टुकड़ियों की सलामी ली। इस अवसर पर आसमान तिरंगे के रंगों से सराबोर दिखा और ‘जय हिंद’ के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। समारोह में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, स्थानीय विधायक कुमार प्रणय, मेयर कुमकुम देवी, जिप अध्यक्ष साधना देवी सहित जिले के तमाम वरीय पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री का संबोधन: मुंगेर के विकास का नया अध्याय
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री संजय कुमार ने मुंगेर की गौरवशाली ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को नमन किया। उन्होंने कहा कि दानवीर कर्ण की भूमि और बिहार केशरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की कर्मस्थली मुंगेर आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की नई इबारत लिख रहा है।

मंत्री ने जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया:

- शिक्षा का विस्तार: सात निश्चय-3 के तहत जिले के सभी 9 प्रखंडों में नए आदर्श विद्यालय और धरहरा, बरियारपुर एवं टेटिया बम्बर में नए डिग्री कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।

- स्वास्थ्य सेवाएँ: जिले में एक मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य प्रगति पर है और हवेली खड़गपुर में अनुमंडलीय अस्पताल का अनावरण किया जा चुका है।

- सामाजिक सुरक्षा: पेंशन राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया गया है, जिससे जिले के 1.33 लाख से अधिक वृद्ध व असहाय लाभान्वित हो रहे हैं।

- बुनियादी ढांचा: मुंगेर-सुल्तानगंज गंगापथ और मुंगेर-मोकामा ग्रीनफील्ड फोरलेन जैसे प्रोजेक्ट्स जिले की कनेक्टिविटी को वैश्विक स्तर पर पहुँचाएंगे।

परेड में दिखा अनुशासन और नारी शक्ति का शौर्य
समारोह का मुख्य आकर्षण भव्य मार्च पास्ट रहा, जिसका नेतृत्व मुख्य परेड कमांडर प्रशिक्षु डीएसपी अभिषेक चौबे ने किया। परेड की प्रतियोगिता में जिला सशस्त्र बल (महिला) की टुकड़ी ने अपने सधे हुए कदमों और उत्कृष्ट अनुशासन के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त कर नारी शक्ति का लोहा मनवाया।

वहीं, प्रशिक्षु जिला सशस्त्र बल-1 को द्वितीय और 47वीं बिहार बटालियन एनसीसी (बीआरएम कॉलेज) को तृतीय स्थान मिला। परेड में बीएमपी-9 जमालपुर, गृह रक्षक और स्काउट गाइड की टुकड़ियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

झाँकियों के माध्यम से दिखा बदलता बिहार
विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की गई झाँकियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। निर्णायक मंडल के अनुसार पुरस्कारों का वितरण निम्न प्रकार रहा:
- प्रथम: शिक्षा विभाग (थीम: उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य)
- द्वितीय: स्वास्थ्य विभाग (थीम: सुलभ स्वास्थ्य-सुरक्षित जीवन)
- तृतीय: ग्रामीण विकास विभाग (DRDA)

प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें 10वीं ऑल इंडिया पुलिस खेल क्लस्टर में पदक जीतने वाली दीपशिखा कुमारी, आग से लोगों की जान बचाने वाले सिपाही नागेंद्र कुमार और डूबते हुए लोगों को बचाने वाले गोताखोर मनोज कुमार को विशेष रूप से सराहा गया। मंच का सफल संचालन कौशल किशोर पाठक और कविता कुमारी चौरसिया ने किया।



