Homeअच्छी खबरमुंगेर के विकास को लगेंगे नए पंख: खड़गपुर बनेगा वैश्विक पर्यटन हब,...

मुंगेर के विकास को लगेंगे नए पंख: खड़गपुर बनेगा वैश्विक पर्यटन हब, मुंगेर में भी बनेगा ‘मरीन ड्राइव’

न्यूज अंग दस्तक| मुंगेर
उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मुंगेर के रमनकाबाद पूर्वी पंचायत स्थित खैरा गाँव पहुँचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 129वीं ‘मन की बात’ सुनी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं।

स्वागत गीत गाती स्कूली छात्र

पर्यटन और बुनियादी ढांचे का कायाकल्प
उप मुख्यमंत्री ने हवेली खड़गपुर के जंगलों को विश्व मानचित्र पर स्थापित करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि इसे 200 करोड़ रुपये की लागत से पीपीपी मोड पर एक बड़ा ‘पर्यटन हब’ बनाया जाएगा। इसके अलावा, मुंगेर के विकास के लिए निम्नलिखित महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे:
मुंगेर मरीन ड्राइव: मुंबई और पटना की तर्ज पर मुंगेर से भागलपुर तक मरीन ड्राइव का निर्माण होगा।
एक्सप्रेस-वे: रक्सौल से हल्दिया एक्सप्रेस-वे बनने से कोलकाता की दूरी और समय में भारी कमी आएगी।
सड़क सुधार: गंगटा जंगल की सिंगल लेन सड़क की समस्या का जल्द समाधान होगा। खैरा गाँव को जोड़ने वाले छोटे रास्ते के लिए भूमि अधिग्रहण की बाधाएं दूर की जाएंगी।

मन की बात कार्यक्रम में उपस्थित डिप्टी सीएम व अन्य

शिक्षा और न्याय के क्षेत्र में नई पहल
श्री चौधरी ने घोषणा की कि भीमबांध में एकलव्य विद्यालय खोला जाएगा। इसमें 50% सीटें आदिवासी बच्चों के लिए आरक्षित होंगी। साथ ही, उन्होंने बुनियादी विद्यालयों को संवारने और वित्त रहित शिक्षकों की समस्याओं को सुलझाने का आश्वासन दिया। न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हवेली खड़गपुर और तारापुर में एक साथ व्यवहार न्यायालय (Civil Court) शुरू किए जाएंगे।
भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि तारापुर टैक्सी स्टैंड पर अवैध वसूली तुरंत बंद हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रखंड स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे व्यस्तता के बावजूद हर माह के अंतिम सप्ताह में अपने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात करेंगे। इस अवसर पर मुंगेर के विधायक कुमार प्रणय, मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निपाणिकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular