न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर
मुंगेर प्रमंडल के प्रमंडलीय सभागार में बीते शनिवार (03 जनवरी, 2026) को एक गरिमामय एवं भावुक विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह निवर्तमान प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह (भा.प्र.से.) के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में प्रमंडलीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यकुशलता और टीम वर्क की मिसाल
समारोह के दौरान अधिकारियों ने आयुक्त महोदय के 6 माह के कार्यकाल को ‘स्वर्णिम’ बताया। आयुक्त के सचिव श्री सुधीर कुमार और विशेष कार्य पदाधिकारी श्री देवव्रत मिश्र ने कहा कि सर के सानिध्य में पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करने की बारीकियों को सीखने का अवसर मिला।
उपनिदेशक जनसंपर्क श्री विनोद कुमार सिंह ने आयुक्त के जमुई जिलाधिकारी के रूप में पुराने कार्यकाल को याद करते हुए बताया कि कैसे उनकी कार्यशैली के कारण जमुई जिला ‘आकांक्षी जिला कार्यक्रम’ में देश के शीर्ष स्थानों पर रहा। उनके नेतृत्व में मुंगेर प्रमंडल में टीम वर्क और परस्पर सहयोग की नई संस्कृति विकसित हुई।
विकास की नई इबारत
महज 6 माह के संक्षिप्त कार्यकाल में आयुक्त श्री अवनीश कुमार सिंह ने विकास की गति को नई ऊंचाइयां दीं। उनके मार्गदर्शन में:
विकास योजनाएं: ‘मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास कार्यक्रम’ के तहत 1 करोड़ से अधिक की लागत वाली लगभग 24 से अधिक योजनाओं को स्वीकृति दी गई।
प्रशासनिक सुधार: नीलम पत्रवाद, आपदा प्रबंधन, राजस्व वसूली, लैंड बैंक (औद्योगिक विकास हेतु भूमि चिह्नित करना) और रेवेन्यू कोर्ट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी समीक्षा एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
“मैं विदा नहीं हो रहा, सदैव साथ रहूँगा”
अपने विदाई संबोधन में आयुक्त अवनीश कुमार सिंह भावुक नजर आए। उन्होंने सभी कर्मियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “कार्य में पारदर्शिता, ईमानदारी और मानवीय संवेदना बनाए रखें, इससे जो आत्म-संतुष्टि मिलेगी वह अमूल्य है।” उन्होंने अंत में सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विदा नहीं हो रहे, बल्कि स्मृतियों और मार्गदर्शन के रूप में सदैव साथ रहेंगे।
इस अवसर पर अवर सचिव श्री विक्रांत कुमार समेत प्रमंडल के सभी प्रशाखा पदाधिकारी, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मी उपस्थित थे, जिन्होंने नम आंखों से अपने प्रिय अधिकारी को विदाई दी।



