न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर
धरहरा–दशरथपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार को उस वक्त रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर दिखा, जब एक चलती ऑल्टो कार अचानक चलते-फिरते ‘अग्निगोले’ में तब्दील हो गई। इस भीषण अग्निकांड के बाद सड़क पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि समय रहते दोनों युवक कार से बाहर निकल गए, वरना एक बड़ा हादसा तय था।
धू-धू कर जलती कार की वीडियो देखें
पेट्रोल लीक होते ही भड़की आग
मिली जानकारी के अनुसार, धरहरा उत्तर टोला निवासी आदित्य कुमार अपने भाई शुभम के साथ जमालपुर जा रहे थे। औड़ाबगीचा गांव के पास एक मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें आगाह किया कि कार से पेट्रोल गिर रहा है। आदित्य ने जैसे ही गाड़ी रोककर जांच शुरू की, इंजन से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते लपटों ने पूरी कार को अपने आगोश में ले लिया।

जलती कार को देखते लोगों की भीड़
घंटों बाधित रहा यातायात
आग इतनी विकराल थी कि राहगीरों की हिम्मत पास जाने की नहीं हुई। सूचना मिलते ही धरहरा थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक लाखों की कार राख के ढेर में बदल चुकी थी। इस घटना के कारण मुख्य सड़क पर घंटों जाम लगा रहा और लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। पुलिस प्रशासन ने पुष्टि की है कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई है।



