न्यूज अंग दस्तक |हवेली खड़गपुर (मुंगेर)
मुंगेर जिला प्रशासन अब सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए पूरी तरह सक्रिय है। इसी कड़ी में शुक्रवार को हवेली खड़गपुर प्रखंड की गंगटा पंचायत अंतर्गत दुधपनिया ग्राम में एक विशेष मेडिकल बोर्ड का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों की दिव्यांगता की जांच कर उन्हें सरकारी लाभ दिलाने हेतु प्रमाण पत्र निर्गत करना था।
त्वरित कार्रवाई का परिणाम
यह विशेष पहल जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर के उस दौरे का परिणाम है, जो उन्होंने बीते 07 जनवरी 2026 को ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत किया था। अपने भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना था। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से पेयजल की किल्लत और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी की ओर ध्यान आकृष्ट कराया था।
जिलाधिकारी ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में, गुरुवार को गांव में स्वास्थ्य शिविर (मेडिकल कैंप) लगाया गया और आज स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा दिव्यांगता जांच बोर्ड का गठन किया गया।
48 लाभार्थियों का हुआ चयन
मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञों ने गांव के उन व्यक्तियों की गहन जांच की जो दिव्यांगता की श्रेणी में आते हैं। जांच के उपरांत कुल 48 लाभार्थियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्गत करने हेतु चिन्हित किया गया है। इन लाभार्थियों को जल्द ही प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे, जिससे उन्हें पेंशन, सहायक उपकरण और अन्य सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।
अन्य समस्याओं पर भी नजर
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, पेयजल की गंभीर समस्या को दूर करने के लिए भी विभाग युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के इस सकारात्मक प्रभाव से ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। लोगों का कहना है कि प्रशासन के स्वयं उनके द्वार पर आने से बरसों से लंबित समस्याओं का समाधान अब तेजी से हो रहा है।



