न्यूज अंग दस्तक | तारापुर, मुंगेर
तारापुर थाना क्षेत्र के भगलपुरा पश्चिमी बहियार में मंगलवार देर शाम धान की तैयारी के दौरान एक हृदय विदारक हादसा हो गया। थ्रेसर से पुआल साफ़ करने के क्रम में एक मज़दूर मशीन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान भगलपुरा गाँव निवासी पुतुल पासवान के लगभग 25 वर्षीय पुत्र संजीव उर्फ पीपी पासवान के रूप में हुई है। यह दुखद है कि मृतक की शादी मात्र दो महीने पहले ही हुई थी। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
हादसे की खबर गाँव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुँचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने तुरंत तारापुर पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और मृतक के शव को कब्जे में लिया। तारापुर थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि इस संबंध में अभी तक परिजनों द्वारा लिखित आवेदन नहीं मिला है। पुलिस थ्रेसर मालिक का पता लगा रही है और घटना के संबंध में आगे की पूछताछ की जा रही है।



