न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर (धरहरा)
पटेल सेवा संघ, मुंगेर के तत्वाधान में प्रखंड धरहरा के ग्राम मानगढ़ में विश्व वीर शिरोमणि छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं पावन जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। संघ के सचिव माधवेंद्र मेहता के आवास परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष रविन्द्र कुमार मेहता ने की।
समारोह का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि देवकी मंडल पटेल, विशिष्ट अतिथि डॉ. वरुण कुमार सिंह, मधुलिका मेहता और कोषाध्यक्ष रवि शंकर प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया, जिसके बाद उपस्थित जनसमूह और पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
वक्ताओं के विचार: शौर्य और संस्कार की गाथा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने शिवाजी महाराज के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डाला गया। अध्यक्ष रविन्द्र कुमार मेहता ने कहा कि शिवाजी महाराज समाज के सच्चे हितैषी और राष्ट्रभक्त थे। उनका जीवन हमें स्वाभिमान से जीने की प्रेरणा देता है। सचिव माधवेंद्र मेहता ने उनके सैन्य कौशल की चर्चा करते हुए उन्हें एक महान हिंदू सम्राट बताया, जिन्होंने मुगलों के विरुद्ध अदम्य साहस का परिचय दिया। डॉ. वरुण कुमार सिंह (जिला अध्यक्ष) ने उनके चारित्रिक बल पर जोर देते हुए बताया कि शिवाजी नारी सम्मान के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने मुगल सेनापति की पुत्रवधू को ससम्मान विदा कर शत्रु के सामने भी नैतिकता का उदाहरण पेश किया था। देवकी मंडल पटेल ने औरंगजेब के कथन को उद्धृत करते हुए कहा कि कट्टर शत्रु भी शिवाजी की प्रतिभा और नए राज्य की स्थापना के संकल्प का कायल था।

इस मौके पर अजय कुमार, देवेन्द्र मंडल, दिलीप कुमार, निर्मल कुमार, शशि भूषण मेहता, अवधेश प्रसाद, नरेश मेहता, एम.एस. परवेज आलम, डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिन्हा, शेष नाथ मंडल सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन देवकी मंडल पटेल द्वारा किया गया।



