न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर
बिहार की बदलती सियासी सरगर्मी के बीच अब दुआओं और प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं और प्रदेश के नए मुखिया को लेकर जारी अटकलों के बीच समर्थकों ने अपने पसंदीदा नेताओं के लिए देवस्थानों की शरण लेनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में, धरहरा स्थित प्राचीन कालिका मंदिर में बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी के समर्थकों और शुभचिंतकों ने विशेष पूजा-अर्चना की।
विधि-विधान से हुआ पूजनः
मंगलवार को मंदिर परिसर में जुटे दर्जनों समर्थकों ने माता काली की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से पूजा की और सम्राट चौधरी को प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाने की कामना की। ध्यानमग्न होकर की गई इस विशेष आराधना के बाद समर्थकों ने मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच लड्डू का प्रसाद भी वितरित किया।
समर्थकों ने बताया योग्य चेहराः
पूजा में शामिल पूर्व जिला पार्षद सह समाजसेवी वीरेंद्र कुमार सिंह और प्रखंड उपाध्यक्ष बंटी सिंह ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में सम्राट चौधरी राजग (NDA) गठबंधन और बिहार की जनता के लिए मुख्यमंत्री पद का सबसे योग्य और सशक्त चेहरा हैं। समर्थकों का मानना है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा बिहार का सर्वांगीण विकास संभव हो सकेगा। इस अवसर पर राजा झा, चंदन सिंह, उत्कर्ष सिंह और बिट्टू सिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित थे। गौरतलब है कि जेडीयू सुप्रीमो नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन और उनके पुत्र निशांत कुमार के राजनीति में पदार्पण के बाद से ही प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा हुआ है।



