न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर
बिहार में कड़ाके की ठंड और बढ़ते कोहरे के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुंगेर जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) ने एक आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी करते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। जबकि इससे पहले बढ़ती ठंड को लेकर जिलाधिकारी निखिल धनराज निपण्णिकर ने बीते 20 दिसंबर से 23 दिसंबर तक कक्षा 10 तक के शैक्षणिक कार्य को स्थगित करने का निर्देश दे रखा था।

ठंड के कारण लिया गया फैसला
जारी आदेश के अनुसार, जिला दंडाधिकारी मुंगेर के निर्देशानुसार अत्यधिक ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इसी के मद्देनजर पूर्व में 23 दिसंबर तक लगाई गई पाबंदी को अब बढ़ा दिया गया है। अब 24 दिसंबर 2024 को जिले के सभी प्राथमिक, मध्य और उच्च माध्यमिक विद्यालय (सरकारी एवं निजी दोनों) पूरी तरह बंद रहेंगे।
क्रिसमस की छुट्टी और लंबी राहत
चूँकि 24 दिसंबर को जिला प्रशासन ने शीतकालीन अवकाश घोषित किया है और अगले ही दिन यानी 25 दिसंबर को क्रिसमस का त्योहार है, जिसकी पहले से ही सार्वजनिक छुट्टी निर्धारित है। ऐसे में छात्रों को लगातार दो दिनों की राहत मिल गई है। अब विद्यालय सीधे 26 दिसंबर को अपनी निर्धारित समय सारणी के अनुसार खुलेंगे। हालांकि, अगर ठंड का प्रकोप इसी तरह जारी रहा, तो प्रशासन इस बंदी को आगे भी बढ़ा सकता है।
PTM और बोर्ड परीक्षाओं पर क्या है नियम?
विभाग ने स्पष्ट किया है कि भले ही छात्रों के लिए शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी, लेकिन कुछ विशेष कार्यों के लिए नियम इस प्रकार हैं:
- अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (PTM): सरकारी स्कूलों में निर्धारित PTM में केवल शिक्षक और अभिभावक ही उपस्थित होंगे। छात्रों को इस संगोष्ठी में बुलाने पर सख्त पाबंदी है।
- बोर्ड और प्री-बोर्ड परीक्षा: कक्षा 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड या बोर्ड परीक्षाओं के लिए संचालित होने वाली विशेष कक्षाएं और परीक्षाओं का संचालन इस आदेश से मुक्त रहेगा, ताकि छात्रों की बोर्ड तैयारी प्रभावित न हो।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।



