Homeशिक्षामुंगेर में कड़ाके की ठंड का कहर: डीएम ने कक्षा 10वीं तक...

मुंगेर में कड़ाके की ठंड का कहर: डीएम ने कक्षा 10वीं तक के स्कूलों को किया बंद, ऊपरी कक्षाओं का बदला समय

न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर

बिहार में पछुआ हवाओं के चलते कनकनी और शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मुंगेर जिले में भी गिरते तापमान और सुबह-शाम की अत्यधिक ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए हैं। जिला पदाधिकारी (DM) निखिल धनराज निप्पणीकर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के लिए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।

कक्षा 10वीं तक शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और कक्षा 10वीं तक के स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी। यह आदेश 29 दिसंबर 2025 से 03 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। शीतलहर की स्थिति को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को टालने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

ऊपरी कक्षाओं के समय में बदलाव
कक्षा 10वीं से ऊपर (11वीं और 12वीं) की कक्षाओं के लिए समय निर्धारित कर दिया गया है। अब ये कक्षाएं सुबह 10:00 बजे से शाम 04:30 बजे के बीच ही संचालित की जा सकेंगी। हालांकि, ‘मिशन दक्ष’ और प्री-बोर्ड या बोर्ड परीक्षाओं के लिए संचालित विशेष कक्षाओं को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है, ताकि छात्रों की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित न हो।
आंगनबाड़ी और मिड-डे मील की व्यवस्था
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि छोटे बच्चों के पोषण का ध्यान रखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल दोपहर 12:00 बजे से 02:00 बजे के बीच खोला जाएगा। इस दौरान नामांकित बच्चों को उनके घर (आवास) पर जाकर पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन की इस पहल से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि कड़ाके की ठंड में बच्चों का सुबह स्कूल जाना जोखिम भरा साबित हो रहा था।

RELATED ARTICLES

Most Popular