Homeअच्छी खबरराष्ट्रीय फलक पर मुंगेर विश्वविद्यालय की धमक: हरिद्वार में होने वाले राष्ट्रीय...

राष्ट्रीय फलक पर मुंगेर विश्वविद्यालय की धमक: हरिद्वार में होने वाले राष्ट्रीय एकता शिविर के लिए 4 स्वयंसेवकों का चयन

न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर

मुंगेर विश्वविद्यालय के लिए यह गर्व का क्षण है कि इसके चार एनएसएस (NSS) स्वयंसेवक आगामी राष्ट्रीय एकता शिविर (National Integration Camp) में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार, यह शिविर 22 से 28 फरवरी 2026 तक उत्तराखंड के देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में आयोजित किया जा रहा है।

क्षेत्रीय निदेशालय पटना के अनुसार, इस प्रतिष्ठित शिविर के लिए बिहार के मात्र दो विश्वविद्यालयों (मुंगेर विश्वविद्यालय और पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय) का चयन किया गया है। मुंगेर विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक मुनींद्र कुमार सिंह ने बताया कि चयनित स्वयंसेवकों में प्राची कुमारी (योगा व भाषण), अभिलाषा कुमारी (नृत्य व गायन), राजदीप शर्मा (पेंटिंग व हस्तशिल्प) और संतोष कुमार (अभिनय व नृत्य) शामिल हैं।
प्रतिभा और नेतृत्व का संगम
इन स्वयंसेवकों का चयन उनकी बहुमुखी प्रतिभा और ‘माई भारत’ पोर्टल पर सक्रियता के आधार पर किया गया है। ये प्रतिभागी हरिद्वार में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोकनृत्य (कजरी, झूमर), शास्त्रीय गायन और शैक्षणिक वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने दी बधाई
कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार ने अपने संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस परेड (2026) के बाद अब राष्ट्रीय एकता शिविर में चयन होना विश्वविद्यालय की बढ़ती सक्रियता और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है। कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय ने चयनित छात्रों से मुलाकात कर उन्हें प्रोत्साहित किया और कहा कि यह केवल चयन नहीं बल्कि छात्रों की प्रतिभा का सम्मान है।
डीएसडब्ल्यू (DSW) ने भी छात्रों की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया। इस सफलता पर डॉ. मनोज मंडल, डॉ. प्रियजन तिवारी, संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों और कार्यक्रम पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। चयनित सूची आधिकारिक तौर पर क्षेत्रीय निदेशालय पटना को भेज दी गई है, और विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी स्वयंसेवकों को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular