Homeकृषियूरिया की कालाबाजारी करने वालों की अब खैर नहीं: डीएम ने दी...

यूरिया की कालाबाजारी करने वालों की अब खैर नहीं: डीएम ने दी सीधी चेतावनी, बोले- “किसानों से नाइंसाफी बर्दाश्त नहीं”

न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर

जिले में उर्वरक की कालाबाजारी और किसानों के शोषण के खिलाफ जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने अब तक का सबसे सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार को समाहरणालय के संवाद कक्ष में आयोजित जिला उर्वरक निगरानी समिति की बैठक में जिलाधिकारी का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब यूरिया की ऊंची कीमतों पर बिक्री की शिकायतें सामने आईं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि किसानों की मेहनत के साथ खिलवाड़ करने वाले बिचौलियों और दुकानदारों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

छापेमारी और स्टॉक जांच के कड़े निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी (DAO) को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी उर्वरक केंद्रों और निजी दुकानों पर तत्काल प्रभाव से सघन जांच अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि जांच अधिकारी खुद धरातल पर उतरकर यूरिया के स्टॉक और रेट चार्ट का मिलान करें।
जिलाधिकारी ने कड़े लहजे में कहा, “यह बेहद गंभीर मामला है कि 266 रुपये की सरकारी दर वाला यूरिया किसानों को 360 रुपये में बेचा जा रहा है। अगली बैठक से पहले अगर कालाबाजारी की शिकायत दोबारा आई, तो संबंधित अधिकारियों और दुकानदारों पर गाज गिरना तय है।”
संवेदनशीलता दिखाएं अधिकारी, बदले कार्यशैली
जिलाधिकारी ने कृषि विभाग की कार्यप्रणाली पर भी कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि कार्यालय आने वाले किसानों के लिए अविलंब प्रतीक्षा स्थल बनाया जाए। अधिकारी हर हाल में किसानों से मिलें और उनकी समस्याओं का समाधान करें। अधिकारी अपनी सुस्त कार्यशैली को छोड़कर अन्नदाताओं के प्रति संवेदनशील बनें।
असरगंज में फसल बर्बादी की होगी जांच
बैठक में असरगंज प्रखंड से आई धान की फसल खराब होने (बाली में दाना न होने) की खबरों को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कृषि विभाग को तत्काल इन क्षेत्रों का दौरा कर वैज्ञानिक जांच करने और रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।
“किसान हमारी अर्थव्यवस्था के स्तंभ हैं। उनके पसीने की कीमत लूटने वालों को जेल की हवा खानी होगी।” — निखिल धनराज निप्पाणीकर, जिलाधिकारी, मुंगेर

RELATED ARTICLES

Most Popular