न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर
रहमानी बी.एड. कॉलेज के प्रांगण में दो दिवसीय वार्षिक कला एवं खेल दिवस का भव्य समापन मंगलवार को हुआ। बी.एड. सत्र 2024–26 एवं 2025–27 के प्रशिक्षुओं के लिए आयोजित इस दो दिवसीय स्पर्धा में विद्यार्थियों ने न केवल अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया, बल्कि अपनी रचनात्मकता और अनुशासन से सबका मन मोह लिया।
रोमांचक मुकाबलों से गूंजा मैदान
कार्यक्रम के पहले दिन (22 दिसंबर) बालक वर्ग की प्रतियोगिताओं का बोलबाला रहा। क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में प्रथम वर्ष की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि द्वितीय वर्ष को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। वहीं, कबड्डी में अनुभव भारी पड़ा और द्वितीय वर्ष ने जीत दर्ज की। 100 मीटर दौड़ और तग ऑफ वॉर में भी द्वितीय वर्ष के छात्रों का दबदबा रहा, हालांकि स्लो साइक्लिंग में प्रथम वर्ष के छात्रों ने बाजी मारकर अपनी प्रतिभा साबित की।
छात्राओं ने दिखाया खेल कौशल
दूसरे दिन (23 दिसंबर) बालिका वर्ग की स्पर्धाओं ने दर्शकों में जोश भर दिया। खो-खो प्रतियोगिता में द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने अपनी फुर्ती से प्रथम वर्ष को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ और तग ऑफ वॉर में भी द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने अपनी शक्ति और समन्वय का परिचय देते हुए खिताबी जीत हासिल की।
विशेषज्ञों ने बढ़ाया उत्साह
रहमानी फाउंडेशन के सचिव मौलाना सालीहीन नदवी ने सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “ऐसे आयोजन किताबी ज्ञान से परे छात्रों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का संचार करते हैं, जो एक आदर्श शिक्षक के लिए अनिवार्य गुण हैं।”
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जामिया रहमानी के पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष फ़ज़ले रहमा रहमानी शामिल हुए। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में मंजुलिका भारती (प्राचार्या, बिरला ओपन माइंड), आलिया हसन (पीजीटी, उपेंद्र ट्रेनिंग एकेडमी), समाजसेवी अर्चना ठाकुर और कला प्रशिक्षक उत्कर्ष कुमार ने उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस आयोजन को धरातल पर उतारने में प्रो. कन्हैया कुमार, प्रो. आइशा महमूद, प्रो. एम. डी. अज़ाज़ और प्रो. अमिताभ कुमार की सराहनीय भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में विजयी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।



