Homeक्राइममुंगेर: ताड़ी विक्रेता की संदिग्ध मौत से सनसनी; शरीर पर चोट के...

मुंगेर: ताड़ी विक्रेता की संदिग्ध मौत से सनसनी; शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर

कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित श्री कृष्ण सेवा सदन के समीप बुधवार की सुबह एक वृद्ध का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान पूरबसराय थाना क्षेत्र के रामपुर भिखारी निवासी 65 वर्षीय विष्णु चौधरी के रूप में हुई है। शव की स्थिति को देख परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है, क्योंकि मृतक के दोनों हाथ टूटे हुए थे और शरीर पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं।

सदर अस्पताल का पोस्टमार्टम हाउस

शराब तस्करी और वर्चस्व का विवाद!
मृतक के पुत्र विकास कुमार ने कोतवाली थाना में आवेदन देकर किला मुसहरी निवासी कौहुआ मांझी और भीम साह को नामजद अभियुक्त बनाया है। बताया जा रहा है कि आरोपी कौहुआ मांझी अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त है। परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले ही कौहुआ ने विष्णु को जान से मारने की धमकी दी थी। विवाद का कारण व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा बताई जा रही है; दरअसल, जिस स्थान पर कौहुआ शराब बेचता था, वहीं विष्णु ताड़ी बेचते थे। ताड़ी की अधिक बिक्री होने के कारण कौहुआ उनसे रंजिश रखने लगा था।
खुशी के घर में पसरा मातम
विष्णु चौधरी के परिवार में अभी खुशियों का माहौल था। मात्र 20 दिन पहले ही उन्होंने अपनी बेटी की धूमधाम से शादी की थी। घर में अभी भी कुछ रिश्तेदार मौजूद थे, लेकिन इस हृदयविदारक घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवार अब दहशत में है और पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहा है।
पुलिस और FSL की जांच तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल पर FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम ने पहुंचकर खून के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रशासनिक क्षेत्र में अवैध कारोबार के सवाल
हैरानी की बात यह है कि जिस किला क्षेत्र में सदर डीएसपी का कार्यालय और अन्य प्रशासनिक आवास हैं, वहीं मुसहरी बस्ती में शराब का अवैध धंधा फल-फूल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही यहाँ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जो पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े करता है।

“श्री कृष्ण सेवा सदन के पास से शव बरामद किया गया है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
— सैयद इमरान मसूद, एसपी, मुंगेर

RELATED ARTICLES

Most Popular