न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर
मुंगेर विश्वविद्यालय ने अपने स्थापना काल के बाद एक बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के निर्देशानुसार, कोशी कॉलेज, खगड़िया के एनएसएस स्वयंसेवक अभिजीत राज का चयन नई दिल्ली में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस परेड (RDC) शिविर 2026 के लिए किया गया है।

अभिजीत राज को सम्मानित करते कुलपति और कुलसचिव
अभिजीत राज अब राष्ट्रीय स्तर पर न केवल विश्वविद्यालय का, बल्कि संपूर्ण बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस वर्ष बिहार के मात्र दो विश्वविद्यालयों (मुंगेर विश्वविद्यालय और टी.एम.बी.यू. भागलपुर) से ही स्वयंसेवकों का चयन हुआ है, जो इस सफलता को और भी खास बनाता है।
कठिन चयन प्रक्रिया और ऐतिहासिक सफलता
अभिजीत ने इस मुकाम तक पहुँचने के लिए कॉलेज, विश्वविद्यालय, राज्य और सेंट्रल जोन के कड़े मापदंडों को पार किया। 1 से 31 जनवरी 2026 तक चलने वाले इस एक महीने के शिविर में वे कर्तव्य पथ पर होने वाली मुख्य परेड में शामिल होंगे। भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। विभिन्न सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों में बिहार की संस्कृति को प्रदर्शित करेंगे।कुलपति ने किया सम्मानित
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. संजय कुमार ने अभिजीत को एनएसएस टी-शर्ट, कैप, मेडल और डायरी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “यह विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। स्थापना के बाद यह पहली बार है जब हमारे किसी स्वयंसेवक ने आरडीसी कैंप में जगह बनाई है। यह हमारी एनएसएस टीम की सक्रियता का परिणाम है।” कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय और कार्यक्रम समन्वयक मुनींद्र कुमार सिंह ने इस सफलता को प्रतिभा का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि कुलपति के कुशल नेतृत्व और छात्रों की मेहनत से मुंगेर विश्वविद्यालय अब राष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी पहचान बना रहा है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू सहित कई पदाधिकारियों और कॉलेज प्राचार्यों ने अभिजीत को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



