– जानिए किन्हे कितना मिला वोट, कितने के अंतर से हुई हर और जीत, नोटा को क्या मिला स्थान
त्रिपुरारी| मुंगेर
मुंगेर जिला में इस बार विधानसभा का चुनाव न सिर्फ काफी ऐतिहासिक रहा, बल्कि जीत-हार के बड़े अंतर ने भी इस बार नया रिकॉर्ड बनाया है। इतना ही नहीं इस बार नोटा ने भी तीनों विधानसभा क्षेत्र में कई पार्टियों को पीछे छोड़ दिया। मुंगेर जिला के तीनों सीट पर एनडीए गठबंधन ने पूरी तरह से क्लीन स्वीप करते ही विधानसभा के चुनावी इतिहास को बदल दिया। ऐसा पहली बार हुआ है कि तीनों सीट पर एनडीए के प्रत्याशी ही विजयी हुए। महा गठबंधन के प्रत्याशी इस चुनावी रेस में काफी दूर छूट गए। तारापुर, जमालपुर और मुंगेर से एनडीए के प्रत्याशियों ने रिकॉर्ड वोट से चुनाव जीतने का कीर्तिमान बनाया।

तारापुर से भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी ने जीते
सम्राट चौधरी 1,22,480 मत प्राप्त किया, जबकि राजद के अरुण कुमार को 76,637 मत प्राप्त हुआ। इस तरह से सम्राट चौधरी ने अरुण कुमार को 45,843 वोट के अंतर से हराकर एक बड़ी जीत दर्ज की। वहीं जमालपुर सीट से जदयू प्रत्याशी नचिकेता को 96,303 वोट प्राप्त हुआ तथा आईआईपी के प्रत्याशी नरेंद्र कुमार को 59,953 वोट मिला। इस तरह से नचिकेता ने नरेंद्र कुमार को 36,350 वोटों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। इसके अलावे मुंगेर सीट से भाजपा के कुमार प्रणय ने भी उम्मीदों से कहीं अधिक 108028 मत प्राप्त किया तथा राजद के अविनाश कुमार विद्यार्थी को 89278 वोट मिला। इस तरह से कुमार प्रणय ने अविनाश कुमार विद्यार्थी को 18750 वोटों के अंतर से हरा कर शानदार जीत दर्ज की।

शुक्रवार को सुबह 6 बजे से ही गणना कर्मी, दंडाधिकारी व गणना एजेंट का मतगणना केंद्र में प्रवेश करने का सिलसिला आरंभ हो गया। सुबह 8 बजे सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती शुरु हुई। उसके बाद तीनों विधानसभा के ईवीएम के वोटों की गिनती शुरु की गई। पहले राउंड के रुझान में तारापुर व मुंगेर से भाजपा तथा जमालपुर से जदयू ने अपनी बढ़त के साथ शुरु की। जैसे-जैसे अगले राउंड का रुझान आते गया, वैसे-वैसे तीनों ही सीट से एनडीए गठबंधन की बढ़त बढ़ती चली गई। आखिरी राउंड तक एनडीए गठबंधन के प्रत्याशियों की बढ़त कायम रही। इस तरह से जिले के तीनों सीट पर एनडीए ने एक बड़ी जीत दर्ज कर महा गठबंधन का सुपरा साफ कर दिया। चुनाव परिणाम के उपरांत जमालपुर से विजयी जदयू के नचिकेता तथा मुंगेर से जीते भाजपा के कुमार प्रणय को संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जीत का प्रमाण पत्र दिया गया। जबकि सम्राट चौधरी मतगणना केंद्र पर नहीं पहुंचे। उनके मतगणना एजेंट को उनका प्रमाण पत्र सौंपा गया। चुनाव परिणाम के बाद जीतने वाले प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया, पटाखे छोड़े और अपने नव निर्वाचित विधायक को माला पहना कर बधाई दी।
नोटा ने भी पाया स्थान

इस बार के विधानसभा चुनाव में नोट ने भी स्थान पाया। तारापुर सीट से इस बार नोटा को 2907 मत प्राप्त हुआ। जिसके कारण नोटा यहां 14 क्रमांक में चौथे स्थान पर रहा। मुंगेर सीट पर भी नोटा को 12 क्रमांक में चाैथा स्थान मिला। यहां नोटा को 3075 वोट मिला। नोटा ने यहां जन सुराज और बसपा जैसी पार्टी को भी पीछे छोड़ दिया। जबकि जमालपुर सीट पर नोटा को 1766 वोट मिला। यहां नोटा को 16 क्रमांक में से छठा स्थान प्राप्त हुआ। यहां भी नोटा ने आम आदमी पार्टी और बसपा जैसी पार्टी को पीछे रखा।
चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ चुनाव:

मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अंबे चौक से पांच नंबर गुमटी तक बिहार पुलिस तथा अर्द्ध सैनिक बल के जवानों को सुरक्षा में लगाया गया था। साथ ही मतगणना केंद्र परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा का इंतजाम किया गया था। जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी निखिल धनराज निपण्णीकर, एसपी सैयद इमरान मसूद सहित अन्य पदाधिकारी लगातार मतगणना केंद्र पर निगरानी करते रहे। जिसके कारण चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच काफी शांतिपूर्ण माहौल में मतगणना संपन्न हुई।
विधानसभा मुंगेर:
कुमार प्रणय-भाजपा (पीजी)
अविनाश विद्यार्थी-राजद (इंटर)
जीते : कुमार प्रणय, प्राप्त वोट : 108028
हारे : अविनाश कुमार विद्यार्थी, प्राप्त वोट : 89278
जीत का अंतर : 18750
विधानसभा तारापुर:
सम्राट चौधरी-भाजपा (डी-लिट)
अरुण कुमार-राजद (पीजी)
जीते : सम्राट चौधरी, प्राप्त वोट : 122480
हारे : अरुण कुमार, प्राप्त वोट : 76637
जीत का अंतर : 45843
विधानसभा जमालपुर:
नचिकेता- जदयू (एलएलबी)
नरेंद्र कुमार- आईआईपी (स्नातक)
जीते : नचिकेता, प्राप्त वोट : 96303
हारे : नरेंद्र कुमार, प्राप्त वोट : 59953
जीत का अंतर : 36350
————————-



