न्यूज अंग दस्तक| मुंगेर
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मुंगेर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 4600 लीटर से अधिक अवैध अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराब को गिट्टी (निर्माण सामग्री) के नीचे छिपा रखा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

थाना परिसर में लगी जब्त ट्रक
अरुणाचल से बिहार तक तस्करी का नेटवर्क
यह कार्रवाई मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बड़े वाहन में भारी मात्रा में शराब की तस्करी की जा रही है। जांच में पता चला कि यह शराब अरुणाचल प्रदेश से लाई गई थी और इसे झारखंड के देवघर के रास्ते बिहार में खपाने की तैयारी थी। बरामद की गई 513 कार्टून शराब की कुल मात्रा लगभग 4617 लीटर आंकी गई है।
पुलिस को देख भागने लगा चालक
पुलिस ने जब सूचना के आधार पर सघन वाहन जांच शुरू की, तो एक गिट्टी लदे हाइवा (डंपर) को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। संग्रामपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और शामपुर थाना क्षेत्र में उसे घेरकर पकड़ लिया।
गिट्टी के नीचे छिपा था ‘जखीरा’
जब पुलिस ने हाइवा की तलाशी ली, तो ऊपर से सब कुछ सामान्य लग रहा था। लेकिन जब गिट्टी को हटाया गया, तो उसके नीचे तहखाने की तरह छिपाकर रखे गए 513 कार्टून विदेशी शराब मिले। इस तरह की चालाकी देख पुलिस भी हैरान रह गई।

कार्टन में पैक बरामद शराब की पेटियां
सिंडिकेट में शामिल अन्य तस्करों की हो रही पहचान कर
वाहन को जब्त कर लिया गया है। मौके से गिरफ्तार चालक झारखंड के धनबाद का निवासी है। पुलिस ने मद्य निषेध और उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस सिंडिकेट में शामिल अन्य तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।- सैयद इमरान मसूद, एसपी, मुंगेर।



