Homeराजनीतिराजद नेता मंटू शर्मा के निधन से मुंगेर में शोक की लहर,...

राजद नेता मंटू शर्मा के निधन से मुंगेर में शोक की लहर, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर

जनपद के कद्दावर राजद नेता और सामाजिक कार्यकर्ता मंटू शर्मा के असामयिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की गहरी लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही मुंगेर सहित पूरे प्रदेश के शुभचिंतकों में शोक व्याप्त है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने जताया गहरा दुख
मंटू शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि वह इस खबर से स्तब्ध और नि:शब्द हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मंटू शर्मा मेरे छोटे भाई के समान थे। उनका जाना न केवल राजद परिवार के लिए, बल्कि मुंगेर और व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे एक बेहद हंसमुख और जिंदादिल इंसान थे।” उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

राजनीतिक जगत में शोक
मंटू शर्मा के निधन को मुंगेर के सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र के लिए एक बड़े युग का अंत माना जा रहा है। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से अविनाश कुमार विद्यार्थी, प्रमोद यादव, गजेंद्र कुमार हिमांशु, प्रो. विनय सुमन, जनप्रतिनिधि डिप्टी मेयर खालिद हुसैन, डॉ. बबीता भारती
अन्य दल व समाजसेवी में भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण पोद्दार, जेडीयू के राजेश दास, समाजसेवी राजीव नयन, हसीबुर रहमान, पंकज यादव, शिशिर कुमार लालू और जियाउर्रहमान शामिल थे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि मंटू शर्मा का मिलनसार व्यक्तित्व हमेशा याद किया जाएगा।

नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
स्वर्गीय मंटू शर्मा की अंतिम यात्रा उनके पुरानी गंज स्थित आवास से गरिमामय ढंग से निकाली गई। शव यात्रा कौड़ा मैदान होते हुए आजाद चौक स्थित राजद कार्यालय पहुंची, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात, लालदरवाजा घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे, जिनकी आंखें अपने चहेते नेता की अंतिम विदाई पर नम थीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular