न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर
भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की स्मृतियों को अक्षुण्ण रखने हेतु बुधवार को मकससपुर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। ‘सुशील कुमार मोदी स्मृति एवं शोध संस्थान’ के तत्वावधान में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 5 जनवरी 2026 को पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित होने वाले भव्य ‘जयंती समारोह’ की रूपरेखा तैयार करना था।
कार्यकर्ताओं का आह्वान: ‘पटना चलें’
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय परिषद सदस्य सह क्षेत्रीय प्रभारी प्रकाश कुमार भगत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भावुक स्वर में कहा, “सुशील जी का व्यक्तित्व हम सभी के लिए एक मार्गदर्शक की भांति है। उनके द्वारा किए गए सेवा कार्यों और राजनीतिक शुचिता को नमन करने का यह एक बड़ा अवसर है। मुंगेर, जमुई और लखीसराय से भारी संख्या में कार्यकर्ता पटना पहुँचकर उन्हें अपनी भावांजलि अर्पित करेंगे।”
इस दौरान विधान परिषद सदस्य लालमोहन गुप्ता ने भी कार्यक्रम की सफलता के लिए सांगठनिक बारीकियों पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा।
संगठन की एकजुटता
बैठक की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम संयोजक सह प्रदेश कार्य समिति सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर ने की। मंच संचालन और समन्वय में जिला महामंत्री अमरेश चंद्र सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई। वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि सुशील कुमार मोदी ने अपना पूरा जीवन बिहार के विकास और संगठन को सींचने में लगा दिया, अतः उनकी जयंती को एक उत्सव और संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में जिले के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा रहा, जिनमें मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार पोद्दार, कृष्टो सिंह, अजीत कुमार छोटू, मणिशंकर भोलू, रवि भूषण गुप्ता, रीमा दौलत, निशा शाह, विवेक चौधरी, विनोद मंडल, रामानंद प्रसाद, वेद प्रकाश, अमर रत्नम सहित अन्य मौजूद थे। बैठक के अंत में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में आगामी 5 जनवरी को पटना कूच करने और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।



