न्यूज अंग दस्तक | मुंगेर
बिहार की माताओं-बहनों के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी को लेकर आज मुंगेर की धरती पर आक्रोश का ज्वालामुखी फूट पड़ा। आजाद चौक स्थित जिला राजद कार्यालय परिसर से महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष बबीता भारती के नेतृत्व में राजद कार्यकर्ताओं ने विशाल विरोध मार्च निकाला। यह प्रदर्शन उत्तराखंड की भाजपा सरकार में मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के उस शर्मनाक बयान के खिलाफ था, जिसमें उन्होंने बिहार की महिलाओं की ‘खरीद-फरोख्त’ की बात कर मानवता को कलंकित किया है।
प्रधानमंत्री से सीधा सवाल: क्या बिहार की बेटियां आपकी नहीं?
मुंगेर नगर भ्रमण के पश्चात राजद कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता गिरधारी लाल साहू का पुतला दहन किया। इस दौरान केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बबीता भारती ने कहा, “प्रधानमंत्री जी, अपनी माता के सम्मान में अनर्गल आरोपों पर आप पूरा बिहार बंद करवा देते हैं, तो आज बिहार की करोड़ों माताओं-बहनों के अपमान पर आप मौन क्यों हैं? क्या आपके दल के नेताओं को नारी शक्ति के अपमान का लाइसेंस मिला हुआ है?”
कार्यवाही की उठी मांग
राजद नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि रेखा आर्या और उनके पति पर कठोर दंडात्मक कानूनी कार्यवाही नहीं हुई, तो यह आंदोलन उग्र रूप लेगा। प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष संजय कुमार बिंद, प्रदेश महासचिव प्रमोद यादव, और प्रधान महासचिव आकाशदीप यादव सहित भारी संख्या में नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उपस्थित गणमान्य:
पिंकी कुमारी, नीतू देवी, सोनम कुमारी, उमा देवी बिंद, शोभा कुमारी बिंद, मो. आबिद हुसैन, बमबम यादव, सुरजभान सिंह यादव, कुमार सौरव जयसवाल, शैलेन्द्र यादव, निरंजन यादव और राजेश रमण सहित सैकड़ों राजद साथी।



